इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से छेड़छाड़ मामले की जांच पूरी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी पेशी

इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में पुलिस ने जांच लगभग पूरी कर ली है। एमआईजी पुलिस अब जल्द ही अदालत में चालान पेश करने की तैयारी में है। इस मामले में पीड़ित खिलाड़ियों और सुरक्षा अधिकारी के बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में खजराना क्षेत्र के दौलतबाग निवासी अकील पुत्र इम्तियाज को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने दो ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों के साथ छेड़खानी की थी। टीआई सीबी सिंह ने बताया कि पुलिस ने खिलाड़ियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और उनमें घटना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा, पुलिस ने होटल और सड़क मार्ग के सीसीटीवी फुटेज भी एकत्र किए हैं, जिनसे आरोपित की पहचान पुख्ता हुई है।

अकील ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चालान तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पीड़ित खिलाड़ियों की पेशी वीसी के माध्यम से करवाई जाएगी, ताकि उन्हें भारत आने की आवश्यकता न पड़े। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सुरक्षा अधिकारी सिमंस के भी बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि यह घटना उस समय हुई थी जब ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ी होटल से कैफे की ओर जा रही थीं। इस मामले के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया था।

घटना के बाद विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए थे। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी सबूत अदालत में पेश किए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button