रायपुर में यूको बैंक में चोरी की कोशिश, लॉकर तोड़ने में नाकाम रहे चोर

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। रविवार की रात जोरा स्थित यूको बैंक में चोरी का प्रयास किया गया। जानकारी के मुताबिक चोर योजना बनाकर देर रात बैंक के पीछे पहुंचे और खिड़की का कांच तोड़कर अंदर घुस गए।
अंदर आने के बाद उन्होंने लॉकर तोड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद चोर बैंक का सामान अस्त-व्यस्त कर मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब बैंक का शटर खोला गया तो कर्मचारियों के होश उड़ गए। बैंक का सामान बिखरा हुआ था, पीछे की खिड़की टूटी हुई थी और लॉकर को भी नुकसान पहुंचा था।
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।





