बिजली विभाग के SE पर हमला, BJP नेता ने ऑफिस में घुसकर जूतों से पीटा

जातिसूचक गालियां देने का आरोप

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) श्रीलाल सिंह पर भाजपा नेता मुन्ना बहादुर सिंह ने दफ्तर में घुसकर जूतों और मुक्कों से हमला कर दिया। घटना के दौरान जमकर हंगामा हुआ और करीब 20 मिनट तक अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।

मामला दोपहर करीब 2 बजे का है, जब मुन्ना बहादुर अपने समर्थकों के साथ बिजली की समस्या को लेकर SE कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि बातचीत के दौरान बहस बढ़ी और मुन्ना ने कुर्सी से उठकर अधीक्षण अभियंता पर जूता चला दिया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

मुन्ना बहादुर का आरोप है कि SE ने पहले अभद्रता की और सुरक्षाकर्मियों से पिटवाया। उन्होंने बताया कि सगरपाली समेत 50 गांवों में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है, इसलिए वे शिकायत दर्ज कराने गए थे। वहीं, SE श्रीलाल सिंह का कहना है कि मुन्ना ने बिना किसी वजह गाली-गलौज करते हुए उन पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और हमला कर दिया।

घटना के बाद SE ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सीओ सिटी श्यामाकांत और एएसपी कृपा शंकर ने बताया कि मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच जारी है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button