एशिया कप 2025 : अपनों से ही मिला ‘जख्म’, नो हैंडशेक विवाद में PCB ने अधिकारी को किया बर्खास्त

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले के बाद ‘नो हैंडशेक’ विवाद ने बड़ा तूल पकड़ लिया था. अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस उस्मान वल्हा को निलंबित कर दिया है. आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को टूर्नामेंट के नियमों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी. इसी वजह से हाथ न मिलाने की घटना के बाद विवाद गहराया और पाकिस्तान का सिर शर्म से झुक गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक वल्हा को टॉस के समय ही इस मामले पर बयान जारी करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने लापरवाही दिखाई. इससे नाराज होकर PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने उनके खिलाफ कड़ा कदम उठाया. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ न मिलाने की घटना चर्चा का विषय बन गई थी.
अब पाकिस्तान को अपना आखिरी लीग मुकाबला 17 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलना है. इस मैच में एंडी पाइक्रॉफ्ट की जगह रिची रिचर्डसन को रेफरी बनाया जा सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा क्योंकि सुपर-4 में जगह बनाने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. वहीं भारत अपने दोनों मैच बड़े अंतर से जीतकर पहले ही सुपर-4 में जगह बना चुका है.





