रायगढ़: 62 की उम्र में पुलिस विभाग से एएसआई और आरक्षक सेवानिवृत्त, सम्मानपूर्वक दी गई विदाई

रायगढ़। जिले के दो पुलिसकर्मी- सहायक उप निरीक्षक (ASI) दौलत सिंह ठाकुर और आरक्षक विपिन तिवारी ने आज 62 वर्ष की आयु पूरी कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति ली। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक सादे मगर भावपूर्ण कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने दोनों अधिकारियों की सेवाओं को याद करते हुए बताया कि एएसआई दौलत सिंह ठाकुर ने करीब 41 साल तक पुलिस विभाग में काम किया। उनकी सेवा की शुरुआत 1984 में आरक्षक के रूप में हुई थी। वे कोतरारोड़, चक्रधरनगर और जांजगीर-चांपा जिलों में तैनात रहे। उनका अंतिम कार्यस्थल रायगढ़ का यातायात थाना रहा।
वहीं, आरक्षक विपिन तिवारी ने करीब 43 वर्षों तक सेवा दी। उन्होंने रायगढ़ के कोतवाली, रक्षित केंद्र और चक्रधरनगर के अलावा जशपुर जिले के कांसाबेल में भी अपनी ड्यूटी निभाई।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने प्रभारी मुख्य लिपिक मनोरमा बहिदार को निर्देश दिया कि पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य भुगतान समय पर सुनिश्चित किए जाएं।
इस मौके पर डीएसपी साधना सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआई अमित सिंह, मनोरमा बहिदार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे और दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।





