भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर ASEZ WAO का सफाई अभियान, 64 युवाओं ने जुटाए 12 बैग कचरा

भिलाई। वर्ल्ड मिशन सोसाइटी चर्च ऑफ गॉड के युवा संगठन ASEZ WAO ने भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर सफाई अभियान चलाया। रविवार सुबह 10:15 से 11:30 बजे तक चले इस अभियान में 64 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया और रेलवे परिसर से 12 बैग कचरा इकट्ठा कर स्टेशन को स्वच्छ बनाया।
यह अभियान संगठन के लगातार चल रहे स्वच्छता कार्यक्रमों का हिस्सा है। इससे पहले 24 अगस्त को रायपुर रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह की गतिविधि की गई थी। ASEZ WAO ने बताया कि वे आगे भी रायपुर रेल मंडल के अन्य स्टेशनों पर सफाई अभियान करेंगे ताकि लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया जा सके।
स्टेशन पर मौजूद मुख्य वाणिज्य निरीक्षक जितेंद्र जी ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास अनुकरणीय है और इससे समाज में बदलाव की नई ऊर्जा आती है। उन्होंने कहा कि सफाई का यह कार्य केवल रेलवे तक सीमित न रहकर पूरे देश के लिए प्रेरणा बन सकता है।
सफाई अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने यात्रियों से कचरा न फैलाने की अपील की और पोस्टर-पर्चे बाँटकर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। उनका कहना है कि सफाई केवल जगह को चमकाना नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।
गौरतलब है कि ASEZ WAO सामाजिक सेवा के कई कार्य करता है। हाल ही में अमृतसर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुँचाने के लिए संगठन ने भोजन वितरण किया था। संगठन का मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
यह सफाई अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि युवाओं की भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी देता है।





