जिला पंचायत कार्यालय में फिर चोरी, सर्वशिक्षा अभियान से एसी आउटर गायब

बिलासपुर का जिला पंचायत कार्यालय एक बार फिर चोरी की घटना से चर्चा में है। इस बार चोरों ने सर्वशिक्षा अभियान (SSA) के दफ्तर को निशाना बनाया है। यहां लगे एसी का एक आउटर चुरा लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि ऑफिस में कुल आठ एसी आउटर लगे थे, जिनमें से सात के नट-बोल्ट भी ढीले पाए गए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि चोरों की योजना सभी आउटर चुराने की थी, लेकिन वे केवल एक ही निकाल सके।

चोरी की यह वारदात तब और चौंकाने वाली हो जाती है जब यह पता चलता है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त परिसर में चौकीदार भी मौजूद था। इसके बावजूद चोरों का इतनी तैयारी के साथ पहुंचना और आउटर निकालना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

पिछले कुछ महीनों में जिला पंचायत कार्यालय में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अध्यक्ष कक्ष और सरकारी आवास से लाखों की चोरी हो चुकी है। वहीं, तीन साल पहले इसी SSA कार्यालय से एक कंप्यूटर का CPU भी चोरी हो गया था।

लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि कार्यालय अब चोरों का आसान निशाना बनता जा रहा है। अफसरों की मानें तो मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी गई है और जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button