फिल्मों से बनाई दूरी, बिजनेस में धमाकेदार एंट्री… अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने 40 हजार करोड़ के एम्पायर में संभाली जिम्मेदारी

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने फिल्मों से दूरी बनाते हुए बिजनेस की दुनिया में कदम रखा है। जहां बच्चन परिवार के ज्यादातर सदस्य फिल्मी पृष्ठभूमि से जुड़े हैं, वहीं नव्या ने अपने पिता निखिल नंदा के रास्ते पर चलते हुए कारोबार को चुना है। उन्होंने एस्कॉर्ट्स कुबोटा कंपनी में एंट्री कर ली है, जिसकी कुल वैल्यू लगभग 40 हजार करोड़ रुपये है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नव्या के पास कंपनी में 0.02% हिस्सेदारी है, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है।
27 वर्षीय नव्या ने अपने करियर को लेकर साफ कहा है कि वह फिल्मों में नहीं जाना चाहतीं, बल्कि अपने परिवार के बिजनेस को आगे बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें बचपन से ही ट्रैक्टर और मशीनों का शौक था क्योंकि वह इन्हीं चीजों के बीच पली-बढ़ी हैं। नव्या कहती हैं, “मैं दिल्ली में पली-बढ़ी हूं और बचपन से ट्रैक्टर असेंबल होते देखती आई हूं। मेरे पिता, दादा और दादी सभी इस बिजनेस से जुड़े रहे हैं। मेरे दोस्तों को ये मजाकिया लगता था, लेकिन मुझे हमेशा से ट्रैक्टरों में दिलचस्पी रही है।”
नव्या बताती हैं कि उन्होंने कॉरपोरेट ऑफिस में कदम रखने से पहले करीब साढ़े तीन साल की ट्रेनिंग ली। उनका मानना है कि हर किसी को शुरुआत से शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं खुद को सिर्फ एक प्रोफेशन तक सीमित नहीं रखना चाहती। मैं एक एंटरप्रेन्योर हूं और मुझे नए अनुभव लेना पसंद है। चाहे ट्रैक्टर असेंबल करना हो या किसी इंटरनेशनल ब्रांड के लिए काम करना, हर जगह से मैंने कुछ न कुछ सीखा है।”
नव्या नवेली ने बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर रहकर अपने दादा राजन नंदा और पिता निखिल नंदा की विरासत को आगे बढ़ाने की ठानी है। वह कहती हैं कि उनके लिए बिजनेस केवल करियर नहीं, बल्कि परिवार की मेहनत और सपनों को आगे बढ़ाने का एक तरीका है।





