अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक दिल्ली में आयोजित होगी और इसमें उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका और जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में मुख्य रूप से पीर पंजाल क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति और उनके सुरक्षित क्रियान्वयन पर भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार की पिछली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता अमित शाह ने 1 सितंबर को की थी।

सुरक्षा विशेषज्ञों ने बताया कि बैठक में आतंकवाद और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाने की रणनीति पर जोर दिया जाएगा। गृह मंत्री सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समन्वित तरीके से काम करने के निर्देश दे सकते हैं।

एक अधिकारी ने कहा कि अमित शाह आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को लागू करने पर विशेष ध्यान देंगे। इसके तहत सुरक्षा बलों के तैनाती, खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आतंकवाद पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि विकास परियोजनाओं के दौरान किसी भी सुरक्षा खतरे को रोकने के लिए किस प्रकार के उपाय किए जाएं। अधिकारियों का कहना है कि इस बैठक का मकसद जम्मू-कश्मीर में शांति, सुरक्षा और विकास को एक साथ सुनिश्चित करना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इस समीक्षा बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इससे जम्मू-कश्मीर में आने वाले महीनों की सुरक्षा रणनीति और नीतियों का रुख स्पष्ट होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button