अल्लू अर्जुन ने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

नई दिल्ली। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लु अर्जुन ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों (पर्सनैलिटी राइट्स) की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि उनकी अनुमति के बिना उनके नाम, तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल करने पर रोक लगाई जाए।
अल्लू अर्जुन का कहना है कि कुछ लोग और प्लेटफॉर्म बिना उनकी इजाजत के उनकी पहचान का इस्तेमाल कर मर्चेंडाइज (सामान) बेच रहे हैं और उससे कमाई कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ AI प्लेटफॉर्म उनकी आवाज और चेहरे की नकल करके डिजिटल कंटेंट और डीपफेक बना रहे हैं, जो गलत है।
याचिका में यह भी बताया गया है कि उनकी छवि का इस्तेमाल करके फर्जी चैटबॉट और अन्य डिजिटल सामग्री बनाई जा रही है। एक्टर ने इसे उनके अधिकारों का उल्लंघन बताया है और इस पर रोक लगाने की मांग की है।
हाल के समय में कई फिल्मी सितारे अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट जा चुके हैं। ये अधिकार किसी भी व्यक्ति को यह तय करने की ताकत देते हैं कि उसकी पहचान का इस्तेमाल कैसे और कहां किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अल्लू अर्जुन की अगली फिल्म “राका” भी जल्द रिलीज हो सकती है, जिसे बड़े बजट पर बनाया जा रहा है।





