कर्नाटक चुनाव में गड़बड़ी का आरोप, डीके शिवकुमार ने किया समर्थन, राहुल बोले- EC बच नहीं पाएगा

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव आयोग ने धांधली की अनुमति दी और उनके पास इसके 100 प्रतिशत पक्के सबूत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव आयोग इससे बच नहीं पाएगा और कांग्रेस इसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
राहुल गांधी के बयान के समर्थन में अब कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के शहरी क्षेत्रों में कई मतदान केंद्रों पर बिना उचित दस्तावेजों के फर्जी वोट ट्रांसफर किए गए। उन्होंने दावा किया कि सभी फर्जी वोटों के सबूत कांग्रेस के पास हैं, जिन्हें जल्द ही चुनाव आयोग और जनता के सामने पेश किया जाएगा।
शिवकुमार ने बताया कि इस मामले में कांग्रेस की लीगल टीम ने मध्य प्रदेश की एक केस स्टडी भी की है, जिसमें करीब 20 सदस्य जुटे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग न तो कांग्रेस की बात सुन रहा है और न ही स्थिति को सुधारने की कोशिश कर रहा है। इसलिए पार्टी को इस मुद्दे के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी।
इस बीच चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए जवाब दिया है। आयोग ने कहा कि यदि किसी को चुनाव परिणाम पर आपत्ति है तो वह 45 दिनों के भीतर संबंधित हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर सकता है। आयोग के अनुसार, कर्नाटक लोकसभा चुनाव 2024 की मतदाता सूची को लेकर किसी भी डीएम या सीईओ के पास आरपी अधिनियम 1950 की धारा 24 के तहत कोई अपील दायर नहीं की गई है।
चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार और धमकी भरा बताते हुए कहा कि जब कोई कानूनी उपाय नहीं अपनाया गया, तब ऐसे आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं? आयोग ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है।





