बीजापुर में सड़क निर्माण पर विवाद, बिना अनुमति पेड़ कटाई के आरोप, जांच के आदेश

बीजापुर। जिले के गोरना और मनकेली गांव में चल रहे मुरमिकरण सड़क निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर बिना फॉरेस्ट क्लियरेंस के पेड़ों की कटाई करने और अवैध रूप से मिट्टी-मुरुम की खुदाई करने का आरोप लगाया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि महुआ, टोरा और इमली जैसे आजीविका से जुड़े बड़े पेड़ों को बिना अनुमति काटा जा रहा है। ठेकेदार ने न तो ग्रामीणों से चर्चा की और न ही वन विभाग से अनुमति ली। इसके अलावा सड़क किनारे जेसीबी से मिट्टी और मुरुम निकालने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो अब लोगों के लिए खतरा बन चुके हैं।
आजीविका पर असर, हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि इन पेड़ों से उनकी रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। पेड़ों की कटाई से उनका नुकसान हो रहा है। वहीं सड़क किनारे बने गड्ढों में गिरने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को तत्काल रोकने और ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाने की मांग की है।
डीएफओ ने गठित की जांच टीम
मामले में वन विभाग ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। डीएफओ रमेश कुमार जांगड़े ने बताया कि जांच टीम गठित कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





