इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, संभल की जामा मस्जिद की बाहरी दीवारों पर सफेदी की इजाजत

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने संभल की जामा मस्जिद की बाहरी दीवारों पर सफेदी करने की इजाजत दे दी है। इस फैसले पर मस्जिद के सदर जफर अली ने खुशी जाहिर करते हुए अल्लाह और कोर्ट का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने सही और जायज फैसला लिया है और अब वे एएसआई (आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) के साथ मिलकर मस्जिद की पुताई करेंगे।
मस्जिद की दीवारों पर सफेदी की अनुमति
संभल की जामा मस्जिद लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई है। इस बीच बुधवार को मस्जिद की दीवारों पर सफेदी करने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने अपने फैसले में मस्जिद की बाहरी दीवारों पर सफेदी करने की अनुमति दी है। मस्जिद कमेटी ने इस कार्य के लिए सिविल रिवीजन याचिका दाखिल की थी। कोर्ट के फैसले का मुस्लिम समुदाय ने स्वागत किया है और खुशी जाहिर की है।
सदर जफर अली का बयान
इस फैसले पर शाही जामा मस्जिद के सदर जफर अली ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से वे बहुत खुश हैं और इसे जायज मानते हैं। उन्होंने कहा कि एएसआई और मस्जिद कमेटी मिलकर मस्जिद की पुताई कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगले सात दिनों में पुताई का काम शुरू हो सकता है या पूरा हो जाएगा।
नमाज को लेकर फैसला जल्द लिया जाएगा
होली और जुमे की नमाज को लेकर हाल ही में मचे विवाद के बारे में जफर अली ने कहा कि शाही जामा मस्जिद में नमाज के समय को लेकर फिलहाल कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम तक इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि नमाज का समय तय करने में हिंदू-मुस्लिम भाईचारा बना रहे और विवाद न हो।
उन्होंने कहा कि शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज का अधिकार केवल उनकी कमेटी के पास है। वे कई धर्मगुरुओं से बातचीत कर रहे हैं और जल्द ही नमाज का समय तय कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन किया जाएगा, लेकिन जनता की राय को भी अहमियत दी जाएगी।
सीओ अनुज चौधरी के बयान की निंदा
संभल के सीओ अनुज चौधरी के होली और जुमे को लेकर दिए गए बयान की जफर अली ने निंदा की। उन्होंने कहा कि पहले भी होली और जुमे के दिन कोई विवाद नहीं हुआ है, और इस बार भी कोई समस्या नहीं आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संभल में हिंदू और मुसलमान मिलकर अपने-अपने त्योहार शांति से मनाएंगे और कोई झगड़ा नहीं होगा।
तिरपाल के मुद्दे पर भी बयान
संभल मस्जिद पर तिरपाल लगाने के सवाल पर जफर अली ने कहा कि अब तक मस्जिद पर कभी तिरपाल नहीं लगाया गया है। यह व्यवस्था प्रशासन और पुलिस द्वारा की जाती है। यदि भविष्य में तिरपाल लगाने का कोई प्रस्ताव आता है, तो इस पर विचार किया जाएगा।
इस फैसले के बाद अब मस्जिद के पुताई का काम शुरू हो सकेगा, जिससे मस्जिद की सुंदरता बढ़ेगी और इसके संरक्षण में मदद मिलेगी।