अलीगढ़: सिपाही की आखिरी पुकार, WhatsApp स्टेटस के बाद महिला कांस्टेबल ने लगाई फांसी

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 28 वर्षीय महिला कांस्टेबल हेमलता ने आत्महत्या कर ली, जिससे पुलिस विभाग और स्थानीय इलाकों में गहरा शोक फैल गया. घटना बन्नादेवी थाना क्षेत्र की जवाहर नगर कॉलोनी की है, जहां वह किराए के मकान में अकेली रहती थीं.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हेमलता ड्यूटी पर नहीं पहुंचीं. इसी बीच एक साथी पुलिसकर्मी की नजर उनके WhatsApp स्टेटस पर पड़ी, जिसमें लिखा था— मुझे माफ कर देना. स्टेटस देखकर सहकर्मी तुरंत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उनके कमरे पर पहुंचे.

पुलिस टीम ने जब खिड़की से अंदर झांका, तो हेमलता फांसी के फंदे पर लटकी दिखाई दीं. मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया. इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई.

हेमलता मूल रूप से आगरा जिले के किरावली क्षेत्र की निवासी थीं. उन्होंने 2016 में यूपी पुलिस जॉइन की थी और रोरावर थाने में तैनात थीं. उनके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है. जांच में अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, लेकिन WhatsApp स्टेटस को पुलिस जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है. विभागीय दबाव, व्यक्तिगत परेशानी या अन्य कारणों की जांच की जा रही है. यह मामला संवेदनशील है, इसलिए सहकर्मियों, परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है. वरिष्ठ अधिकारियों ने केस की गहराई से जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button