केजरीवाल की बरी पर अखिलेश यादव का हमला, बोले– सत्य और न्याय साथ खड़ा है

दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने के बाद सियासत गरमा गई है। इस फैसले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि आज दिल्ली के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ सत्य और न्याय दोनों खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आरोप कभी इतने बड़े नहीं हो सकते कि वे सच को ढक सकें। उनके मुताबिक आज हर ईमानदार व्यक्ति राहत की सांस ले रहा होगा, जबकि भाजपा समर्थक आत्म-लज्जा महसूस कर रहे होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली के निवासियों के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है।

अपने बयान में अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग संतों और धार्मिक गुरुओं तक पर झूठे आरोप लगा सकते हैं, वे किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे विचारों से जुड़े लोग आज किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं और यह खबर भाजपा के लिए नैतिक आघात से कम नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी के समर्थन में प्रचार किया था। अखिलेश यादव ने स्वयं केजरीवाल के साथ रोड शो में हिस्सा लिया था।

केजरीवाल और सिसोदिया की बरी के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और बढ़ने के आसार हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button