भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम के 30 साल पूरे, शानदार हवाई करतबों से फिर सजेगा आसमान

भारतीय वायुसेना की मशहूर सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम (SKAT) अपने गठन के 30 साल पूरे होने का जश्न मना रही है। साल 1996 में शुरू हुई यह टीम भारतीय वायुसेना की आधिकारिक एरोबेटिक एम्बेसडर मानी जाती है और अपने शानदार हवाई करतबों के लिए दुनियाभर में पहचान रखती है।
टीम के 9 हॉक एमके-132 विमान एक साथ आसमान में बेहतरीन फॉर्मेशन, लूप, बैरल रोल और उल्टी उड़ान जैसे रोमांचक करतब दिखाते हैं। लाल और सफेद रंग के विमान तिरंगे की रंगीन धुएं की लकीरों से आसमान को सजाते हैं।
वायुसेना द्वारा जारी खास वीडियो में पायलटों की सटीक तालमेल और कठिन अभ्यास की झलक देखने को मिली। वीडियो में “सदैव सर्वोत्तम” का संदेश भी दिया गया, जो सूर्यकिरण टीम की पहचान बन चुका है।
सूर्यकिरण टीम अब तक देश और विदेश में 800 से ज्यादा एयर शो कर चुकी है। मई 2026 में होने वाले एयर शो को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। एशिया की यह एकमात्र 9 विमानों वाली एरोबेटिक टीम मानी जाती है, जो हर प्रदर्शन में दर्शकों को रोमांचित कर देती है।





