एअर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण रद्द, यात्रियों को भारी परेशानी

अहमदाबाद:अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने से ठीक पहले रद्द कर दिया गया। यह फैसला पिछले सप्ताह हुए विमान हादसे के बाद सतर्कता बरतते हुए लिया गया। फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, खासकर उन लोगों को जो राजकोट, आणंद, खंभात और हलोल जैसे शहरों से आए थे।
बताया जा रहा है कि एअर इंडिया की यह फ्लाइट (AI-159) दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए रवाना होने वाली थी। लेकिन सुबह से ही इसमें तकनीकी जांच की जा रही थी और अंततः उड़ान से पहले ही इसमें तकनीकी गड़बड़ी पाए जाने के कारण इसे रद्द कर दिया गया। पहले इस फ्लाइट का नंबर AI-171 था, जिसे बाद में बदलकर AI-159 कर दिया गया।
फ्लाइट रद्द होने के कारण यात्रियों में गुस्सा और निराशा दोनों देखी गई। यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय रहते सही जानकारी नहीं दी गई और एयरलाइंस की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में भी कोई स्पष्टता नहीं दी गई। वहीं एअर इंडिया की टीम ने केवल यही कहा कि फ्लाइट तकनीकी कारणों से रद्द की गई है, और अगली उड़ान कब होगी, इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई।
गौरतलब है कि अहमदाबाद के मेघानीनगर में पिछले गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसके बाद से ही स्थानीय हवाई अड्डे पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। हादसे के बाद यह पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान थी जिसे रवाना किया जाना था, लेकिन टेक्निकल खराबी ने इसे भी रोक दिया।
यात्रियों ने मांग की है कि एयरलाइंस जल्द से जल्द अगली उड़ान की जानकारी दे और वैकल्पिक प्रबंध सुनिश्चित करे ताकि उनकी यात्रा प्रभावित न हो।