काठमांडू जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 18 घंटे तक फंसी, 180 यात्री परेशान

दिल्ली/बेंगलुरु। बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से काठमांडू के लिए रवाना हुई एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट करीब 18 घंटे तक फंसी रही, जिससे विमान में सवार लगभग 180 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम और बार-बार रूट डायवर्जन के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।

जानकारी के अनुसार, यह उड़ान गुरुवार सुबह 10:30 बजे बेंगलुरु से रवाना हुई थी और दोपहर 1:25 बजे काठमांडू पहुंचने वाली थी। लेकिन काठमांडू में खराब मौसम के चलते विमान को पहले वाराणसी और फिर लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया। लंबे इंतजार और अनिश्चितता के चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विमान में कर्नाटक के 37 यात्रियों सहित कुल 180 लोग सवार थे, जो 10 दिवसीय नेपाल यात्रा पर जा रहे थे।

यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी गईं। एक टूर एजेंट सुधालकर एस ने बताया कि शाम 4:25 बजे तक केवल एक पैकेट बिस्कुट दिया गया और आगे की जानकारी भी स्पष्ट नहीं थी। बार-बार फ्लाइट का रूट बदले जाने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती गई। अंततः विमान को शाम 5:15 बजे फिर से बेंगलुरु लौटाया गया, जहां यात्रियों ने टर्मिनल-2 पर विरोध जताया और नारेबाजी की।

एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सभी प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई और उन्हें निःशुल्क टिकट रीशेड्यूलिंग या पूर्ण धनवापसी का विकल्प दिया गया है। साथ ही शनिवार को एक अतिरिक्त उड़ान संचालित करने की योजना भी बनाई गई है। फिलहाल, इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और एयरलाइन प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button