पीएम मोदी और उनकी मां का एआई वीडियो विवाद, कांग्रेस आईटी सेल पर केस दर्ज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी की छवि बिगाड़ने वाले एक एआई जनरेटेड वीडियो ने राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने बीजेपी की शिकायत पर कांग्रेस और उसके आईटी सेल के खिलाफ नॉर्थ एवेन्यू थाने में एफआईआर दर्ज की है।

बीजेपी का आरोप है कि 10 सितंबर को कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री और उनकी मां की छवि को अपमानजनक तरीके से पेश किया गया। बीजेपी ने इसे न सिर्फ पीएम की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला बताया, बल्कि महिला और मातृत्व का भी घोर अपमान करार दिया।

शिकायतकर्ता संकित गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस की यह हरकत चुनावी माहौल को प्रभावित करने की सुनियोजित कोशिश है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस-राजद की वोटर अधिकार यात्रा में भी प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई थीं।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ आईटी एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और सभी डिजिटल सबूत सुरक्षित कर लिए गए हैं।

बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि किसी भी इंसान के जीवन में मां का स्थान सर्वोपरि होता है, लेकिन कांग्रेस और राजद इतने नीचे गिर गए हैं कि प्रधानमंत्री की दिवंगत मां को लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और राजद को इसका जवाब जरूर देगी।

वहीं, कांग्रेस का कहना है कि इसमें किसी तरह का अपमान नहीं किया गया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि एक मां अपने बेटे को सही राह दिखाती है, इसमें अनादर कहां है? उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री की मां का सम्मान करती है और किसी का अपमान करने का उद्देश्य नहीं था।

यह मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है और चुनावी माहौल में दोनों दल एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button