अहमदाबाद प्लेन क्रैश मामला: केंद्रीय मंत्री ने विदेशी अखबारों में छपी रिपोर्ट को बताया गलत, बोले जांच अभी जारी

दिल्ली। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर एक इटैलियन अखबार की रिपोर्ट को भ्रामक और गलत बताया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गंभीर दुर्घटना की जांच अभी जारी है और फिलहाल किसी को दोषी ठहराने का कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। मंत्री ने कहा कि कुछ विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि जांच एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट में पायलटों को दोषी ठहराया है, जबकि यह पूरी तरह से निराधार है।

शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए मुरलीधर मोहोल ने कहा, “हमारी जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। जब तक अंतिम रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक किसी भी तरह की टिप्पणी करना या निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।” उन्होंने सवाल उठाया कि हमें अपनी देश की जांच एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए या बाहरी मीडिया के दावों पर। मंत्री ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI171 टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 241 यात्रियों सहित कुल 260 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। यह देश के सबसे बड़े विमान हादसों में से एक माना गया।

इस मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) द्वारा की जा रही है। गुरुवार को AAIB ने भी स्पष्ट किया कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और किसी तरह का अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। एजेंसी ने मीडिया में चल रही उन खबरों को खारिज किया, जिनमें जांच पूरी होने और पायलटों को दोषी ठहराने का दावा किया गया था।

मंत्री ने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सरकार इस संवेदनशील मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई