110 दिन तक छत्तीसगढ़ को भिगोने के बाद मानसून हुआ विदा, अब दिन में गर्मी और रातों में बढ़ेगी ठंड

रायपुर। इस साल छत्तीसगढ़ में मानसून ने जोरदार एंट्री और शानदार विदाई दी। करीब 110 दिन तक प्रदेश को भिगोने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 14 अक्टूबर को विदाई ली। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, मानसून की वापसी रेखा अब प्रदेश से पूरी तरह पीछे हट चुकी है और आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही रात के तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 14 अक्टूबर तक प्रदेश में औसतन 1244.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 1142.2 मिमी से 102.2 मिमी अधिक है। इस बार राज्य में सीजनल कोटा पूरा हुआ और 9 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में भी दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहा।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में दिन में हल्की गर्मी रहेगी और रातों में ठंड बढ़ेगी। प्रदेश के दक्षिणी अंचलों, कोंटा, बचेली और कुआकोंडा क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
विशेष रूप से, इस साल बस्तर में मानसून 28 मई को पहले ही दस्तक दे गया था, जबकि आमतौर पर यह 10 जून के आसपास आता है। 14 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में फैल गया था। शुरुआती दौर में जून और जुलाई में भारी बारिश हुई, जिससे नदी, तालाब और जलाशयों का जलस्तर सामान्य से ऊपर चला गया। अक्टूबर के पहले सप्ताह तक भी मानसून ने कुछ क्षेत्रों में बारिश की। मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 14 अक्टूबर के बीच परिस्थितियां अनुकूल रहीं, जिससे मानसून की वापसी पूरी तरह हो गई।





