पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट, उमर अब्दुल्ला ने जताई चिंता

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश के कई हिस्सों से कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट की खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने दूसरे राज्यों की सरकारों से अपील की है कि वे कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संपर्क में हैं जहां ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने समकक्षों से खास सावधानी बरतने का अनुरोध किया है, ताकि कश्मीरी छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

यह प्रतिक्रिया नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार की उस पोस्ट के बाद आई, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट की घटनाओं का जिक्र था। इमरान डार ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें छात्र डरे और सहमे हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीएम उमर अब्दुल्ला से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की थी।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक घास के मैदान में आतंकियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। मरने वालों में ज्यादातर पर्यटक थे। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद कश्मीर का सबसे भयावह आतंकी हमला माना जा रहा है।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने देशभर में रह रहे कश्मीरी छात्रों से सतर्क रहने की अपील की है। एसोसिएशन ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद देश में गुस्से और डर का माहौल है, इसलिए छात्रों को अपनी सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button