NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, पुणे में RCC क्लासेस पर चला बुलडोजर

CBI की जांच में सामने आए NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में आरोपी ‘RCC क्लासेस’ के संचालक शिवराज मोटेगावकर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुणे महानगरपालिका ने डेक्कन इलाके में स्थित RCC क्लासेस की शाखा पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

मनपा प्रशासन के अनुसार, परिसर में कुछ निर्माण बिना अनुमति के किया गया था और वह अतिक्रमण की श्रेणी में आता था। बुधवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। जेसीबी की मदद से प्रवेश द्वार के पास बने हिस्सों और व्यावसायिक उपयोग के लिए तैयार कुछ संरचनाओं को तोड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई थी। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। बताया गया कि संबंधित परिसर का उपयोग नियमों के खिलाफ किया जा रहा था, जिसके बाद नगर प्रशासन ने कार्रवाई की।

इससे पहले पुणे नगर निगम ने RCC क्लासेस को सील भी किया था। वहीं NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में शिवराज मोटेगावकर की गिरफ्तारी के बाद छात्र संगठनों और कई राजनीतिक दलों में नाराजगी बढ़ गई है। कई जगहों पर RCC क्लासेस के बोर्ड और होर्डिंग्स में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं।

देशभर में चर्चा में आए इस पेपर लीक मामले की जांच CBI कर रही है। मामले को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं और लाखों छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button