कोर्ट परिसर में आरोपी ने DSP पर तानी बंदूक

दिल्ली। हिमाचल के हमीरपुर  जिला अदालत परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति लोडेड दूनाली बंदूक लेकर सेशन कोर्ट पहुंच गया। आरोपी की पहचान भोरंज क्षेत्र निवासी रमन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, पुलिसकर्मियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक आरोपी घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले में पेशी के लिए अदालत पहुंचा था। वह सेशन कोर्ट के बाहर बंदूक लेकर बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां मौजूद DSP की नजर उस पर पड़ी। जब अधिकारी ने कोर्ट परिसर में हथियार लाने को लेकर पूछताछ की, तो आरोपी बहस करने लगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर DSP की ओर बंदूक तान दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय कोर्ट परिसर में कई मामलों की सुनवाई चल रही थी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी व आरोपी मौजूद थे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। उसके कब्जे से दो कारतूस समेत लाइसेंसी बंदूक बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रमन कुमार का अपनी पत्नी के साथ विवाद का मामला अदालत में चल रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हथियार लेकर कोर्ट परिसर में कैसे पहुंच गया।

इस घटना ने अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने कहा कि आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button