सरकारी डॉक्टर की नौकरी के नाम पर 20 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में सरकारी डॉक्टर की नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को झांसा देकर बड़ी रकम वसूल ली, लेकिन न तो नौकरी लगवाई और न ही पूरी राशि वापस की। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी विकास चंद्राकर ने सरकारी डॉक्टर के पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग समय पर 20 लाख रुपये लिए थे। पैसे लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने रकम वापस मांगी।
आरोप है कि आरोपी ने पैसे लौटाने के लिए बिना पे-ऑप्शन वाले चेक दिए, जो बाद में बाउंस हो गए। इससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मई 2023 में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ली थी। बाद में उसने 8 लाख रुपये आंशिक रूप से वापस किए, लेकिन शेष रकम लौटाने के लिए दिए गए चेक जानबूझकर ऐसे जारी किए गए, जिससे भुगतान न हो सके।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने ठगी की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी विकास चंद्राकर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पीड़ितों की भी जानकारी जुटा रही है।





