अकाउंटेंट ने केमिकल फैक्ट्री से 1.20 करोड़ का फ्रॉड किया, एक साल से कर रहा था गबन; गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बड़े फाइनेंशियल फ्रॉड का मामला सामने आया है। फैक्ट्री के अकाउंटेंट ने कंपनी के खाते से करीब 1.20 करोड़ रुपए का गबन कर लिया। आरोपी करीब एक साल से इस धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था।

जानकारी के अनुसार, रायपुर विधानसभा रोड, कचना स्थित “केमप्लास्ट प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड” के मालिक अनुराग अग्रवाल ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि कंपनी में कार्यरत अकाउंटेंट सागर तिवारी को ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जिम्मेदारी दी गई थी। सागर ने इसी का फायदा उठाकर, 1 जुलाई 2024 से लेकर अब तक, कंपनी के बैंक खाते से धीरे-धीरे रकम निकालकर अपने कई निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।

मालिक को जब खाते में गड़बड़ी का शक हुआ तो जांच में पूरी सच्चाई सामने आई। इसके बाद उन्होंने थाना विधानसभा में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी अकाउंटेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासभंग की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस गबन में कोई और कर्मचारी भी शामिल तो नहीं था।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button