रेलवे कोचिंग सेंटर में हादसा: ठेका कर्मी 133KV हाईटेंशन तार से झुलसा, हालत नाजुक

बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे कोचिंग सेंटर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन की धुलाई करते समय ठेका कंपनी का कर्मचारी प्रताप वर्मन 133KV हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार प्रताप कोच की सफाई कर रहा था, तभी ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज तार से उसका संपर्क हो गया। साथी कर्मचारियों का कहना है कि रेलवे कर्मचारी मीणा सर ने बताया था कि जैमर लग गया है और काम पूरा करने के लिए ऊपर चढ़ना है। प्रताप ने निर्देश का पालन किया और इस दौरान यह हादसा हो गया।

कर्मचारी चरणदास ने आरोप लगाया कि जैमर की स्थिति देखने की जिम्मेदारी मीणा सर की होती है। उनके कहने पर ही कर्मचारी ऊपर चढ़ते हैं। कर्मचारियों को यह जानकारी नहीं होती कि लाइन चालू है या बंद। बारिश के बीच जब काम चल रहा था, उसी दौरान हादसा हुआ।

वहीं, पीड़ित के साथी अरुण सोनवानी ने बताया कि सफाई के दौरान आमतौर पर बिजली लाइन बंद कर दी जाती है, लेकिन इस बार वंदे भारत ट्रेन आने के कारण लाइन चालू कर दी गई थी। इसकी सूचना कर्मचारियों को नहीं दी गई। ठेकेदार और रेलवे कर्मचारियों की इस लापरवाही के चलते हादसा हुआ। यह घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल झुलसे युवक का इलाज जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button