इंडिगो की दिल्ली-बनारस फ्लाइट का AC फेल, महिला बेहोश; यात्रियों को झलना पड़ा पंखा, हंगामा

वाराणसी : इंडिगो एयरलाइंस की नई दिल्ली से वाराणसी आ रही फ्लाइट में गुरुवार शाम जमकर हंगामा हुआ. दरअसल, फ्लाइट का एसी काम नहीं कर रहा था. जिसका नतीजा ये हुआ कि तीन महिला यात्रियों की तबियत बिगड़ गई, जबकि एक महिला यात्री बेहोश हो गई. 1 घंटा पांच मिनट का सफर यात्रियों ने पंखा झलते हुए बिताया. लैडिंग के बाद यात्रियों ने इसकी शिकायत एयरपोर्ट पर अधिकारियों से की. वहीं विमान में हुए हंगामे का वीडियो भी वायरल हुआ है. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि ईटीवी भारत नहीं करता.

उड़ान भरने से पहले ही की थी शिकायत : नई दिल्ली से वाराणसी के लिए गुरुवार शाम 7.35 पर इंडिगो एयर लाइंस का विमान 6-ई 2235 उड़ान भरने वाला था. इस दौरान यात्रियों ने शिकायत की कि एसी नहीं चल रहा है. यात्रियों ने गर्मी और सफोकेशन की शिकायत की. इस पर क्रू मेंबर ने एसी जल्द ही ठीक होने का दावा किया. लेकिन बताया जाता है कि विमान ने बिना एसी ठीक हुए शाम 7.35 पर दिल्ली से वाराणसी के लिए उड़ान भर ली. उसे रात 8.40 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर लैंड करना था. इधर प्लेन में गर्मी के कारण कई महिलाओं की तबियत बिगड़ गई. उसमें से एक महिला अचेत हो गई.

यात्रियों ने किया हंगामा : वाराणसी निवासी अमित सिंह ने बताया कि विमान जब उड़ान भरने की तैयारी में था तभी एसी नहीं चल रहा था. यात्रियों ने विमानदल से शिकायत की. जवाब मिला कि टेक ऑफ के बाद सब सही हो जाएगा, लेकिन पूरी यात्रा के दौरान एसी नहीं चला. इससे एक महिला यात्री अचेत हो गई. वहीं, घुटन से कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई. जिससे नाराज होकर यात्रियों ने हंगामा किया. विमान के क्रू मेंबरों ने बेसुध यात्रियों को आक्सीजन देकर और पानी के छीटें मारकर ठीक किया. इस बारे में एयरलाइंस के स्थानीय मैनेजर अंकुर ने बताया कि एसी खराब होने की उन्हें जानकारी नहीं है.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button