आधार अपडेट अभियान सुस्त, सरकारी योजनाओं पर संकट

बिलासपुर।जिले के शासकीय स्कूलों में चल रहा आधार अपग्रेडेशन अभियान बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा है, जिससे हजारों बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर संकट खड़ा हो गया है।
जिले में 60 हजार बच्चों का आधार अपडेट करने का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन अब तक सिर्फ 13 हजार बच्चों का ही आधार अपग्रेड हो सका है। यानी करीब 47 हजार बच्चे अब भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।
एनआईसी के माध्यम से जिले के लगभग 1800 स्कूलों में विशेष आधार कैंप लगाए गए हैं। इन कैंपों का मकसद बच्चों का डेटा यू-डाइस पोर्टल और अन्य विभागीय ऐप्स में सही तरीके से अपडेट करना है, ताकि छात्रवृत्ति, गणवेश, मध्याह्न भोजन और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
आधार अपडेट इसलिए जरूरी है क्योंकि अब अधिकांश योजनाओं की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए सीधे बच्चों के बैंक खातों में भेजी जाती है। अगर आधार अपडेट नहीं हुआ, तो आगे चलकर छात्रों को तकनीकी परेशानियों और लाभ से वंचित रहने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने इस अभियान की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षकों को सौंपी है और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कोई भी बच्चा आधार अपग्रेडेशन से न छूटे। लेकिन कैंप की सुविधा होने के बावजूद लक्ष्य से काफी पीछे रहना विभागीय लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।
शिक्षा विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आधार अपग्रेडेशन कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए, और जो शिक्षक इसमें लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यही है कि आने वाले दिनों में अभियान रफ्तार पकड़ता है या हजारों बच्चों का भविष्य सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाता है।





