गरबा महोत्सव में प्रवेश के लिए आधार कार्ड अनिवार्य, 29-30 सितंबर को गांधी मैदान में डांडिया उत्सव

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में इस बार गरबा महोत्सव को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। भीलवाड़ा की तर्ज पर नगर निगम दक्षिण ने घोषणा की है कि महोत्सव में प्रवेश केवल आधार कार्ड के जरिए ही मिलेगा। यानी जो भी श्रद्धालु या प्रतिभागी गरबा महोत्सव में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें पहले आधार कार्ड दिखाकर पंजीकरण कराना होगा।

नगर निगम दक्षिण की ओर से यह आयोजन नवरात्रि पर्व पर 29 और 30 सितंबर को गांधी मैदान में निशुल्क डांडिया उत्सव के रूप में किया जा रहा है। महापौर वनिता सेठ ने बताया कि आयोजन की तैयारियां तेज हैं और पंजीकरण प्रक्रिया भी जोरों पर चल रही है। इस बार की थीम परंपरागत होगी और मां दुर्गा की आराधना के साथ गरबा खेला जाएगा।

आयोजन में महिलाओं, कपल्स और बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम रखे जाएंगे। बच्चों को उनके आकर्षक परिधानों के लिए सम्मानित किया जाएगा, वहीं डांडिया खेलने वाले बेस्ट परफॉर्मर को पुरस्कार मिलेगा। आयोजन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी कोठारी ने बताया कि पूरा मैदान रंग-बिरंगी लाइटिंग और सजावट से दमक उठेगा। श्रद्धालु डीजे साउंड पर गरबा खेलते हुए नजर आएंगे।

नगर निगम ने साफ कर दिया है कि इस बार बिना आधार कार्ड न तो पंजीकरण होगा और न ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसलिए जोधपुरवासी और आसपास के लोग यदि इस गरबा महोत्सव में शामिल होना चाहते हैं, तो अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। यह कदम सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखकर उठाया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button