पुरानी रंजिश में युवक की पत्थर से हत्या, झाड़ियों में छिपाया गया शव

कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र के नन्हवारा कला गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के सिर पर पत्थर पटककर उसकी जान ले ली गई और बाद में शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।

मृतक की पहचान आलोक गुप्ता (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक 11, खरखरी छैघरा थाना विजयराघवगढ़ का निवासी था। बताया जा रहा है कि आलोक का नन्हवारा कला निवासी सोनू कोल पिता सुभाष कोल के साथ लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। बुधवार रात यह विवाद हिंसक हो गया और सोनू कोल ने आलोक के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी ने शव को नन्हवारा कला की बड़ी खदान के पास झाड़ियों में छिपा दिया। झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button