महिला पर रॉटवीलर कुत्ते ने किया हमला, लगे 80 से अधिक टांके

बेंगलुरु। शहर में पालतू कुत्तों की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। बेंगलुरु में 31 वर्षीय महिला पर रॉटवीलर नस्ल के कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे महिला के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी करीब आठ घंटे तक सर्जरी चली। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को 80 से अधिक टांके लगाए गए हैं। पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 26 जनवरी की सुबह की है। एचएसआर लेआउट के टीचर्स कॉलोनी में रहने वाली शालिनी दुबे सुबह घर के पास टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान अचानक सड़क पर मौजूद रॉटवीलर कुत्ता उनकी ओर दौड़ा और उन पर झपट पड़ा। महिला के जमीन पर गिरते ही कुत्ते ने उनके चेहरे और गर्दन पर बार-बार काटना शुरू कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले की पूरी तस्वीर कैद है।
महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि कुत्ते के मालिक ने उसे बिना पट्टे के खुला छोड़ रखा था। इतना ही नहीं, कुत्ते के मुंह पर कोई मुखौटा भी नहीं था। शालिनी के पति सत्य प्रकाश दुबे ने बताया कि घटना सुबह करीब 6.50 बजे हुई, जब शालिनी टहलकर वापस लौट रही थीं। उन्होंने कहा कि यदि मालिक इतने बड़े और आक्रामक कुत्ते को नियंत्रित नहीं कर सकता था, तो उसे सार्वजनिक स्थान पर खुला छोड़ना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है।
परिवार का कहना है कि शालिनी गहरे सदमे में हैं। चिकित्सकों ने बताया कि चेहरे और शरीर पर चोट के निशान जीवनभर रह सकते हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने कुत्ते के मालिक अमरेश रेड्डी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में लोगों में डर और नाराजगी है।





