गरबा कर रही महिला की सरेआम किडनैपिंग, प्रेम प्रसंग में 7 गिरफ्तार

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर में गरबा प्रैक्टिस कर रही एक महिला की सरेआम किडनैपिंग से सनसनी फैल गई। मामला खानपुरा स्थित भावसागर धर्मशाला का है, जहां 20 सितंबर की रात करीब 10 बजे महिला अपनी सहेलियों के साथ गरबा डांस की तैयारी कर रही थी। तभी दो महिलाओं समेत सात लोग अचानक वहां पहुंचे और हाथ में कट्टा लहराते हुए महिला को जबरन घसीटकर ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन हमलावरों ने बीच-बचाव करने वालों को धक्का देकर रोक दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शहरभर में नाकाबंदी की गई। करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित छुड़ा लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला पहले से शादीशुदा है, लेकिन पति के अत्याचारों से तंग आकर वह अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पति को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। आरोप है कि उसने ही पूरी किडनैपिंग की साजिश रची और रिश्तेदारों के साथ मिलकर महिला को जबरन उठवा लिया।

मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। शुरुआती पूछताछ में किडनैपिंग के पीछे पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों पर अपहरण और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस वारदात ने मंदसौर में सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाके से इस तरह महिला को उठाना और हथियार का इस्तेमाल करना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button