अमरकंटक जाने वालों के लिए बड़ी खबर: नया टोल प्लाजा बनेगा, 650 करोड़ की सड़क परियोजना अंतिम चरण में

बिलासपुर। अमरकंटक और पेण्ड्रा रोड की ओर सफर करने वालों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। इस मार्ग पर यात्रा अब पहले से ज्यादा तेज, सुरक्षित और आरामदायक होगी, लेकिन इसके बदले यात्रियों को टोल टैक्स भी देना होगा।
लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से बन रही आरएमकेके सड़क परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है। यह सड़क बिलासपुर को अमरकंटक और मंडला से जोड़ेगी। विभाग की ओर से छतौना और केंदा के बीच नया टोल प्लाजा बनाने की तैयारी कर ली गई है। टोल शुरू होने के बाद अमरकंटक, मंडला, केंदा और पेण्ड्रा रोड की ओर जाने वाले सभी यात्रियों को शुल्क चुकाना होगा।
यह परियोजना तीन चरणों में पूरी की जा रही है। पहले चरण में रतनपुर से केंदा तक सड़क निर्माण का काम जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे चरण में केंवची से कारीआम तक सड़क का कार्य अक्टूबर तक पूरा होगा। तीसरा और सबसे चुनौतीपूर्ण चरण केंदा से कारीआम के बीच घाटी क्षेत्र में है, जहां करीब 5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हाईवे बनाया जा रहा है। इस पर लगभग 219 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
एलिवेटेड हाईवे के निर्माण के लिए पहाड़ियों को करीब 20 मीटर तक काटा जाएगा, जिससे इस मार्ग के 10 खतरनाक मोड़ पूरी तरह खत्म हो जाएंगे। इसके बाद वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सुरक्षित चल सकेंगे और सफर का समय काफी कम हो जाएगा।
इसके अलावा अमरकंटक मार्ग पर लंबे समय से परेशानी का कारण बनी खोडरी रेलवे क्रॉसिंग पर 140 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को फाटक पर रुकना नहीं पड़ेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए केंवची में रिफ्रेशमेंट रूम भी बनाया जाएगा, जहां स्वच्छ पेयजल, जलपान और विश्राम की व्यवस्था होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने से न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी बड़ी कमी आएगी।





