फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण पर बड़ा अभियान, रातभर चले बुलडोजर, पथराव में पुलिसकर्मी घायल

पुरानी दिल्ली में फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई देर रात शुरू होकर बुधवार सुबह तक जारी रही। इस दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 30 से अधिक बुलडोजर चलाए गए और करीब 4000 वर्ग मीटर क्षेत्र को खाली कराया गया।

अभियान के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद एमसीडी की टीम और पुलिस पर पत्थरबाजी की गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस घटना में छह से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

प्रशासन के अनुसार, मस्जिद के आसपास दुकानों, मैरिज हॉल और अन्य तरह के स्थायी व अस्थायी निर्माण के जरिए अतिक्रमण किया गया था। मस्जिद समिति ने इस जमीन को वक्फ संपत्ति बताते हुए अपना दावा पेश किया, लेकिन कब्जे से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद नोटिस जारी कर हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई।

रातभर चले इस अभियान में अब तक 36 हजार वर्ग फुट से ज्यादा अवैध कब्जा हटाया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि अभी लगभग 20 प्रतिशत अतिक्रमण बाकी है, जिसे आने वाले दिनों में हटाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान करीब 200 ट्रक मलबा जमा हुआ है, जिसे हटाने में चार दिन तक का समय लग सकता है।

स्थिति पर नजर रखने के लिए पूरे इलाके को कई जोन में बांटा गया था और प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई थी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर की जा रही है। अब तक इस मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

एमसीडी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित जमीन पर दीवार निर्माण कराया जाएगा और इसके बाद पूरा क्षेत्र निगम के कब्जे में ले लिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button