CM मोहन यादव के साथ बड़ा हादसा टला, हॉट एयर बैलून में लगी आग

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह गांधीसागर में हॉट एयर बैलून की सवारी के दौरान बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। दरअसल, हवा की तेज रफ्तार के कारण बैलून उड़ नहीं सका और इसी दौरान उसके निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और सीएम की सुरक्षा में तैनात गार्ड्स ने ट्रॉली को संभालते हुए उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई और सीएम भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बताया गया कि हादसे के समय हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जो बैलून उड़ाने के लिए अनुकूल नहीं मानी जाती। इसके बावजूद बैलून की तैयारी की गई थी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सभी सुरक्षा कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। इससे पहले शुक्रवार शाम सीएम मोहन यादव ने मंदसौर जिले के गांधीसागर में गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट का शुभारंभ किया था और रात को हिंगलाज रिसोर्ट में रुके थे। शनिवार सुबह उन्होंने चंबल नदी में बोटिंग की और इसके बाद हॉट एयर बैलून की सवारी करने पहुंचे थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button