हाईप्रोफाइल ड्रग्स केस में 320 नामों की सूची, लेकिन अब तक किसी से पूछताछ नहीं

हाईप्रोफाइल ड्रग्स तस्करी मामले में आरोपी नव्या मलिक और विधि अग्रवाल को जमानत मिलने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस इस प्रकरण में चार्जशीट पेश कर चुकी है, जिसमें टेक्नो पार्टियों, विदेशी कनेक्शन और 320 लोगों की सूची का उल्लेख किया गया है। हालांकि सूची में शामिल लोगों से अब तक पूछताछ नहीं की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली और हरियाणा से ड्रग्स मंगाकर शहर में टेक्नो पार्टियों का आयोजन करती थीं। ऑर्डर के आधार पर सप्लाई दी जाती थी। जांच में सामने आया है कि पार्टियां फार्महाउस, रिसॉर्ट और क्लबों में आयोजित होती थीं। विधि अग्रवाल इवेंट ऑर्गेनाइजेशन से जुड़ी थी, जबकि नव्या मलिक इंटीरियर डिजाइनर होने के साथ प्रभावशाली लोगों के संपर्क में बताई गई है।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल चैट और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर 320 लोगों की सूची तैयार की गई थी। पुलिस की योजना इन लोगों को बुलाकर काउंसिलिंग करने की थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि सूची में कई प्रभावशाली परिवारों से जुड़े नाम शामिल हैं।
मामले की शुरुआत 23 अगस्त को हुई थी, जब हरियाणा निवासी एक युवक को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इसके बाद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और कुल 43 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने तस्करों से एक करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का ड्रग्स जब्त करने का दावा किया है।
चार्जशीट में विदेश यात्राओं का भी जिक्र है। जांच में सामने आया कि आरोपी तुर्की और दुबई समेत कई देशों की यात्रा कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





