सरकारी अफसर के नाबालिग बेटे की BMW से स्कूटर को टक्कर, दो घायल

दिल्ली। महाराष्ट्र के नासिक में एक सरकारी अफसर के नाबालिग बेटे की तेज रफ्तार BMW ने सड़क पर कहर बरपा दिया। आरोप है कि 16 साल के किशोर ने ‘पुराना हिसाब चुकाने’ के इरादे से स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। घटना 24 जनवरी की रात नासिक के गंगापुर रोड इलाके में हुई, जहां टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

पुलिस के मुताबिक घायल दोनों युवक दोस्त हैं और उस वक्त गंगापुर रोड से गुजर रहे थे। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी नाबालिग ने उन्हें पहचान लिया और BMW से पीछा करते हुए जानबूझकर स्कूटर को टक्कर मारी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, उसी रंजिश में यह वारदात की गई। पुलिस का कहना है कि मकसद सिर्फ डराना नहीं, बल्कि गंभीर नुकसान पहुंचाना था।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लाल रंग की तेज रफ्तार कार पीछे से आती है और स्कूटर को जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर जाते हैं। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पीड़ितों में से एक की शिकायत पर 25 जनवरी को गंगापुर पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 125 (दूसरों की जान खतरे में डालना) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को ट्रैक कर हिरासत में लिया और 26 जनवरी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस अब कार के मालिकाना हक और नाबालिग को वाहन कैसे मिला, इसकी भी जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button