घर में लगी आग में 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, बाहर से बंद था दरवाजा

राजधानी रायपुर के अमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंद इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मकान में आग लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के वक्त बुजुर्ग घर के अंदर फंसे रहे और मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया है कि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, जबकि बेटा रोज की तरह सुबह काम पर निकल गया था। वह घर को बाहर से ताला लगाकर गया था और बुजुर्ग अंदर सो रहे थे। घर के निचले हिस्से में रूम हीटर चालू था और आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण आग लगी।

सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर से बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन ताला बंद होने और आग के तेज होने की वजह से वे असफल रहे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि दमकल वाहन करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी और बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने घर के अंदर से जला हुआ शव बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इलाके के लोगों ने फायर ब्रिगेड की देरी को लेकर नाराजगी जताई है और लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक तौर पर रूम हीटर से आग लगने की बात सामने आ रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई