मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश का आरोप, कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण यानी SIR कार्य के दौरान गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। कांग्रेस के संयुक्त महासचिव और गरियाबंद जिला प्रभारी शारिक रईस खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदाताओं के नाम काटने की कथित “साजिश” को रोकने की मांग की है।
प्रमुख आरोप और शिकायतें
ज्ञापन में कहा गया है कि रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे संतोषी नगर, बैरन बाजार, राजातालाब, संजय नगर, बैजनाथपारा और मौदहापारा में अज्ञात व्यक्तियों और राजनीतिक दलों के बी.एल.ए.-2 द्वारा बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा किए जा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि एक विशेष वर्ग और कांग्रेसी विचारधारा वाले मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। बिना किसी उचित भौतिक सत्यापन के ही मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया चल रही है। निगम जोन कार्यालयों में तैनात बी.एल.ओ. के पास भारी मात्रा में आपत्ति आवेदन भेजे जा रहे हैं, जिसमें अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध बताई गई है।
कांग्रेस की मुख्य मांगें
शारिक रईस खान ने निर्वाचन आयोग से निम्नलिखित कदम उठाने का आग्रह किया है:
अज्ञात शिकायतों पर रोक: किसी भी अज्ञात शिकायतकर्ता के आधार पर वैध मतदाता का नाम न काटा जाए।
पारदर्शिता: आपत्ति करने वाले व्यक्ति का नाम सार्वजनिक किया जाए और फर्जी शिकायत पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो।
अनिवार्य सत्यापन: नाम हटाने से पहले स्थल सत्यापन और निष्पक्ष जांच अनिवार्य की जाए।
अधिकारियों की जांच: निगम जोन कार्यालयों में जमा हो रहे फॉर्मों और वहां तैनात अधिकारियों की भूमिका की जांच हो।
लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो बड़ी संख्या में वास्तविक और वैध मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो जाएंगे, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है।
इस अवसर पर शारिक रईस खान के साथ नरेश गड़पाल, कामरान अंसारी, समीर खान और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।





