सांगली में चुनाव से पहले काला जादू का मामला, बंगाली बाबा को लोगों ने पकड़ा और पीटा

महाराष्ट्र के सांगली जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों से पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वीटा शहर में पूर्व विधायकों के घर के सामने काला जादू करने के आरोप में एक ‘बंगाली बाबा’ को स्थानीय नागरिकों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की।
स्थानीय लोगों और पूर्व विधायक सदाशिव पाटिल तथा पूर्व महापौर वैभव पाटिल के कार्यकर्ताओं ने घटना के तुरंत बाद दोषियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। CCTV फुटेज की मदद से यह पाया गया कि दोपहर के करीब बाइक पर आए एक स्थानीय व्यक्ति और बंगाली बाबा ने काला जादू से जुड़ा समान फेंका था।
इस घटना के बाद पुलिस ने अंधविश्वास उन्मूलन अधिनियम के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के संदर्भ में सामने आया है, लेकिन काले जादू के पीछे का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अंधविश्वास उन्मूलन समिति के संजय बंसोडे ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि कोई भी अंधविश्वास के आधार पर चुनाव नहीं जीत सकता और नागरिकों को ऐसी बातों से डरना नहीं चाहिए।





