रायपुर पुलिस ट्रांसफर आदेश स्थगित: पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जारी किया अहम निर्देश

रायपुर। राजधानी रायपुर में 23 जनवरी से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू कर दी गई है। वरिष्ठ IPS और पूर्व बिलासपुर पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही दर्जन भर अधिकारियों को एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी के पदों पर तैनात किया गया, और सभी ने पदभार संभालते ही अपने कर्तव्यों का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
हालांकि, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कमिश्नरी प्रणाली लागू होने से पहले जारी किए गए सभी थाना प्रभारी और आरक्षक स्तर के ट्रांसफर आदेशों को स्थगित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि ट्रांसफर आदेशों के तहत नवीन पदस्थापना हेतु किसी अधिकारी/कर्मचारी को रवानगी नहीं दी जाएगी। इसका उद्देश्य कमिश्नरी सिस्टम के तहत पुलिसिंग में सुव्यवस्था बनाए रखना और नए सिस्टम के अनुसार तैनाती सुनिश्चित करना है।
इससे पहले बीते शनिवार रात 10 बजे पुलिस आयुक्त ने लॉ एंड ऑर्डर को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर, एडिशनल डीसीपी, असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारी उपस्थित थे। बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चालान के नाम पर वाहन मालिकों को परेशान न किया जाए। इसके साथ ही शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की प्राथमिकताओं पर जोर दिया गया।
कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि रायपुर कमिश्नरी क्षेत्र में बिना अनुमति किसी धरना, रैली या सार्वजनिक आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही बार, कैफे और रेस्टोरेंट को निर्धारित समय के बाद बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय के बाद कोई स्थल खुला पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस आदेश से कमिश्नरी क्षेत्र में पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।





