दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट: गन प्वाइंट पर स्टाफ को बनाया बंधक, लाखों के गहने लेकर फरार हुए बदमाश

दिल्ली। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में सोमवार, 26 जनवरी को दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ बदमाशों ने बंदूक के दम पर एक ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपये के सोने के गहने लूट लिए और आराम से फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, दो बदमाश मंकी कैप से चेहरा ढककर और उसके ऊपर हेलमेट पहनकर ज्वेलरी शॉप में दाखिल हुए। दोनों के हाथ में बंदूक थी। दुकान में घुसते ही उन्होंने गन प्वाइंट पर पूरे स्टाफ को कब्जे में ले लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बदमाश गहने समेट रहा था, जबकि दूसरा स्टाफ पर बंदूक ताने खड़ा था, ताकि कोई विरोध न कर सके।
दिनदहाड़े हुई इस लूट से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। फुटेज में यह भी नजर आया कि दुकान के बाहर मौजूद एक महिला ने जब घटना को देखा, तो बदमाशों ने उसे भी बंदूक की नोक पर धमकाया। डर के कारण कोई भी व्यक्ति मदद के लिए आगे नहीं आया।
बदमाशों की धमकी के बाद स्टाफ ने बिना विरोध किए ज्वेलरी सेट और सोने के गहने उनके हवाले कर दिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। जिस तरह से उन्होंने चेहरे छिपा रखे थे, उससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर जांच शुरू की। फिलहाल चोरी हुए सोने के गहनों की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





