अबूझमाड़ के दुर्गम गांवों तक बाइक से पहुंचीं कलेक्टर नम्रता जैन, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की कलेक्टर नम्रता जैन ने बाइक से करीब 110 किलोमीटर का सफर तय कर अबूझमाड़ क्षेत्र के अंदरूनी गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों और ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। पहली बार कलेक्टर को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
नम्रता जैन ने जाटलूर, ढोंढरबेड़ा, कुरमेल समेत कई दुर्गम गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने गांव में बच्चों के साथ बैठकर राष्ट्रगान गाया और उन्हें पढ़ाया भी। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं।
कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाएं अब इन दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाए।
गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने नम्रता जैन को नारायणपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी थी। जिले का बड़ा हिस्सा अबूझमाड़ क्षेत्र में आता है, जहां अब भी कई गांव विकास से वंचित हैं। हालांकि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल गतिविधियों में कमी आई है, जिससे अब प्रशासन विकास कार्यों पर तेजी से ध्यान दे रहा है।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने कहा कि अबूझमाड़ अब अबूझ नहीं रहेगा और यहां भी विकास की रोशनी पहुंचेगी। उनका यह प्रयास ग्रामीणों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।





