डीलिस्टिंग की मांग को लेकर पूर्व भाजयुमो नेता का छत्तीसगढ़ी गीत, दिल्ली चलने का आह्वान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे छत्तीसगढ़ी भाषा में गीत गाकर डीलिस्टिंग की मांग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के जरिए उन्होंने लोगों को दिल्ली चलकर इस मुद्दे पर आंदोलन में शामिल होने का न्योता दिया है।

करीब एक मिनट 27 सेकेंड के वीडियो में रवि भगत गीत के माध्यम से डीलिस्टिंग की लड़ाई लड़ने और बड़ी संख्या में एकजुट होकर दिल्ली पहुंचने की अपील कर रहे हैं। गीत में उन्होंने आदिवासी समाज से जुड़े नेताओं और विचारों का उल्लेख करते हुए इस आंदोलन को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है।

रवि भगत ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग धर्मांतरण कर चुके लोगों को मिलने वाले आरक्षण को समाप्त करने से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि जनजाति सुरक्षा मंच के माध्यम से इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और 24 मई को दिल्ली के रामलीला मैदान में करीब पांच लाख लोगों के जुटने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़, सरगुजा और कोरबा क्षेत्रों में वे जनजाति सुरक्षा मंच के सहसंयोजक के रूप में सक्रिय हैं। इस संबंध में आगे की रणनीति तय करने के लिए 10 फरवरी को रायपुर में एक बैठक आयोजित की जाएगी।

रवि भगत ने अपने गीत में आदिवासी नेता कार्तिक उरांव का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि कार्तिक उरांव ने अपने समय में डीलिस्टिंग का मुद्दा उठाया था और उसी विचार को आगे बढ़ाते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रवि भगत ने डीएमएफ राशि की मांग को लेकर भी वीडियो जारी किया था, जो काफी चर्चा में रहा था। बाद में संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। वर्तमान में वे भाजपा में किसी पद पर नहीं हैं, लेकिन सामाजिक और वैचारिक मुद्दों पर लगातार सक्रिय बने हुए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई