जेल में बंदी तक चरस पहुंचाने की साजिश नाकाम, भतीजा गिरफ्तार; 406 ग्राम चरस बरामद

आगरा। जिला जेल में बंद एक कैदी तक चरस पहुंचाने की साजिश को जेल प्रशासन ने समय रहते नाकाम कर दिया। मंगलवार को जेल गेट पर चेकिंग के दौरान एक युवक को 406 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया, जिसे वह पारलेजी बिस्किट के पैकेट में छिपाकर ले जा रहा था। आरोपित ने फर्जी तरीके से दूसरे बंदी के नाम पर मुलाकात की पर्ची लगाकर जेल में प्रवेश करने की कोशिश की थी।
जेल प्रशासन के अनुसार बैरक संख्या तीन में शाहरुख खान नामक बंदी निरुद्ध है। मंगलवार को दूसरी पाली में मुलाकात के लिए गोपाल कुंज, सिकंदरा निवासी अली खान ने आवेदन दिया था। वहीं बैरक संख्या दो में बंद विचाराधीन बंदी कासिम से मिलने के लिए अलीगढ़ निवासी सलमा और शाहगंज के सराय ख्वाजा निवासी फातिमा ने भी पर्ची लगाई थी।
मुलाकात का आवेदन स्वीकार होने के बाद जब मुलाकाती जेल परिसर पहुंचे, तो मुख्य गेट पर तैनात वार्डर चंद्रशेखर और मंजीत सिंह ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान अली खान के पास पारलेजी बिस्किट के पैकेट जरूरत से ज्यादा दिखाई दिए, जिससे कर्मचारियों को शक हुआ। पैकेट खोलने पर बिस्किट के बीच चरस छिपाकर रखी हुई मिली।
जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा ने बताया कि पूछताछ में अली खान ने स्वीकार किया कि वह जेल में बंद अपने चाचा कासिम को चरस देने आया था। उसने जानबूझकर दूसरे बंदी के नाम से फर्जी पर्ची लगाई थी, ताकि शक न हो। आरोपी ने बताया कि उसका चाचा पहले भी उससे चरस मंगवा चुका था और वह इसका आदी है।
जेल प्रशासन ने तुरंत आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। अली खान के खिलाफ हरीपर्वत थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि कहीं इसमें अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।





