सड़क हादसा: यात्री बस और हाइवा की टक्कर में चालक की मौत, 17 यात्री घायल

आमस (गया)। गया जिले के आमस थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर मंगलवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हमजापुर गांव के इमामगंज मोड़ के पास एक तेज रफ्तार हाइवा और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस चालक लाल बाबू शाह (35 वर्ष), निवासी बक्सर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए।
हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद चालक का शव केबिन से बाहर निकाला गया।
घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल में तैनात डॉक्टर पुष्कर ने बताया कि घायलों में से सात यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल, गया रेफर किया गया है। शेष यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, जय राम नामक यात्री बस बोकारो से यात्रियों को लेकर बक्सर जा रही थी। इसी दौरान इमामगंज मोड़ के पास सामने से आ रही हाइवा से टक्कर हो गई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए जीटी रोड पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया। घटना के बाद मृतक चालक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं यात्रियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।





