100 कुत्तों को जहर देकर मारा गया, सरपंच समेत 3 गिरफ्तार; शवों की तलाश जारी

दिल्ली। तेलंगाना में एक बार फिर आवारा कुत्तों के सामूहिक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैदराबाद से करीब 50 किलोमीटर दूर रंगारेड्डी जिले के एक गांव में करीब 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया। इस अमानवीय घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने मामले में गांव के सरपंच, वार्ड सदस्य और ग्राम सचिव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को आशंका है कि यह हत्या किसी पेशेवर गिरोह से करवाई गई, जो सरपंच और उनके सहयोगियों के इशारे पर की गई। इससे पहले भी तेलंगाना में 500 कुत्तों को मारने का मामला सामने आ चुका है, जिससे प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की शिकायत स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया की प्रतिनिधि प्रीति मुदावत ने पुलिस में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने PCA (Prevention of Cruelty to Animals) अधिनियम की धारा 3(5) और 11(1)(a)(i) के तहत नामजद मामला दर्ज किया।
यह घटना 19 जनवरी की बताई जा रही है। पुलिस का शक है कि कुत्तों को जहर देने के बाद उनके शवों को गांव के बाहर कहीं दफना दिया गया है। SHO नंदेश्वर रेड्डी ने बताया कि पुलिस टीम लगातार उन जगहों की तलाश कर रही है, जहां शवों को छिपाया गया हो सकता है।
शक तब गहराया जब गांव से अचानक बड़ी संख्या में कुत्ते गायब हो गए। जब पशु प्रेमियों ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो विरोधाभासी बयान सामने आए। बाद में वार्ड सदस्य अदुलपुरम गौतम ने खुलासा किया कि कुत्तों को पहले बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और फिर जहरीला इंजेक्शन देकर मार दिया गया। घटना के बाद पशु अधिकार संगठनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और इसे क्रूरता की चरम सीमा बताया है।





