कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान मामले में मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुश्किलें, SIT कर रही तीन बिंदुओं पर जांच

भोपाल। सेना की वरिष्ठ अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) अब उनके अन्य विवादित बयानों की भी तीन बिंदुओं पर जांच कर रहा है। एसआईटी सूत्रों के मुताबिक, यह जांच रिपोर्ट जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में पेश की जाएगी, जिससे मंत्री पर कानूनी शिकंजा और कसने की संभावना है।
एसआईटी की जांच के तीन प्रमुख बिंदु तय किए गए हैं। इनमें पहला बिंदु कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान से जुड़ा है। दूसरा बिंदु मंत्री विजय शाह द्वारा विभिन्न मंचों से दिए गए अन्य अमर्यादित और धमकी भरे बयान हैं, जो सामाजिक और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ बताए जा रहे हैं। तीसरा बिंदु इन बयानों से जुड़े साक्ष्य, वीडियो क्लिप और गवाहों के बयान जुटाकर उनकी सत्यता की पुष्टि करना है।
इस मामले में अब तक विजय शाह सहित 27 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। एसआईटी को जांच के दौरान ऐसे कई पुराने वीडियो और बयान भी मिले हैं, जो पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे। एक महीने पहले मंत्री द्वारा लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए बयान को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
उधर, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विजय शाह के खिलाफ राज्य कानून के तहत अभियोजन की मंजूरी को लेकर उचित कदम उठाए जाएं। यह फाइल गृह और विधि विभाग से होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक जाएगी, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 11 मई 2025 को इंदौर के एक कार्यक्रम में विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद हाई कोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार पर हमला तेज कर दिया है और मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। अब सबकी निगाहें एसआईटी की अगली रिपोर्ट और मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी हैं।





