स्टार्टअप इकोसिस्टम में उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, केंद्र सरकार ने लीडर स्टेट का दर्जा दिया

उत्तराखंड को देश में मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल किया गया है। केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग द्वारा राज्य को यह मान्यता दी गई है। इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की स्टार्टअप नीति की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सम्मान के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे यह साबित होता है कि उत्तराखंड की स्टार्टअप नीति युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में सफल रही है। सरकार ने स्टार्टअप्स के लिए अनुकूल नीतियां, सरल प्रक्रियाएं और सहयोगी माहौल तैयार किया है, जिसका सकारात्मक असर अब राष्ट्रीय मंच पर दिखाई दे रहा है।

राज्य सरकार के अनुसार, उत्तराखंड के युवाओं में नवाचार और उद्यमिता की जबरदस्त क्षमता है। सरकार की ओर से उन्हें हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है, जिससे नए विचारों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। यह सफलता प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर जारी स्टेट्स स्टार्टअप इकोसिस्टम रैंकिंग के पांचवें संस्करण में उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग को सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान किया गया। इस रैंकिंग के जरिए यह साफ हुआ है कि राज्य ने नवाचार, निवेश प्रोत्साहन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है।

उत्तराखंड की इस उपलब्धि को अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल के रूप में भी देखा जा रहा है। आने वाले समय में सरकार का फोकस स्टार्टअप इकोसिस्टम को और मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने पर रहेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई